उफनती कनहर नदी और तेज जलप्रवाह को देखते हुए हादसा रोकने के लिए जिला प्रशासन ने उठाया कदम
ग्राम भिसुर क्षेत्र में नाव उतारने और मछली पकड़ने पर पूरी तरह लगाई गई रोक
स्थानीय चौकी इंचार्ज को कड़ाई से अनुपालन कराने और क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश
प्रशासन की अपील उफनती नदी के पास न जाएं ग्रामीण, सुरक्षा निर्देशों का करें शत-प्रतिशत पालन
सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह। जनपद सोनभद्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदियों में बढ़े जलस्तर और उफान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में कनहर नदी में संभावित हादसों और डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। तहसील दुद्धी/दुद्धी क्षेत्र अंतर्गत कनहर नदी से सटे ग्राम भिसुर में सुरक्षा के दृष्टिगत नाव के माध्यम से मछली पकड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध (रोका) लगा दिया गया है। नदी में पानी की भीषण आवक और तेज जलप्रवाह के कारण पैदा हुए जोखिम को ध्यान में रखते हुए नागरिकों की सुरक्षा हेतु यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने कनहर नदी तटीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस और राजस्व टीम को सक्रिय कर दिया है। भिसुर और आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में संबंधित चौकी इंचार्ज को लगातार गश्त और पैनी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस प्रशासन को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन कर नदी में नाव उतारता या मछली पकड़ता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों, मछुआरों और युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि उफनती कनहर नदी के किनारे या पानी के समीप अनावश्यक रूप से जाने से पूरी तरह बचें। जलस्तर तेज होने के कारण कोई भी व्यक्ति तैरने या मछली पकड़ने का प्रयास न करे। अपनी और अपने परिवार की जीवन सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का निष्ठापूर्वक पालन करें। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल नदी के घाटों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

