1 वर्ष से अधिक समय से निरंतर जारी है जनसेवा का महासंकल्प, प्रत्येक शनिवार शाम 6 बजे से होता है आयोजन
हरिद्वार से पधारे महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 सरितानंद गिरी जी महाराज ने भक्तों को दिया आशीर्वाद
समिति के संस्थापक पत्रकार अजीत सिंह की पहल आज बनी जनसेवा का प्रतीक कुछ करो ऐसा, दुनिया करे आपके जैसा
ओबरा/सोनभद्र। आशीष मिश्रा।धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी संस्था श्री राम सेवा समिति के तत्वाधान में नगर के सुभाष चौराहा स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में पिछले 1 वर्ष से अधिक समय से चला आ रहा साप्ताहिक खिचड़ी भंडारे का महासंकल्प निरंतर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को समिति का 55वां साप्ताहिक खिचड़ी भंडारा अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और सेवाभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हरिद्वार से पधारे परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 सरितानंद गिरी जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हनुमान जी महाराज के दर्शन-पूजन के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को अपना पावन आशीर्वाद प्रदान किया। भंडारे के शुभारंभ अवसर पर समिति के संरक्षक विजय शंकर की सुपुत्री नीलम देवी द्वारा भगवान बाल मुकुंद व हनुमान जी महाराज को भोग लगाया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर जी एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा उपस्थित राहगीरों, असहायों एवं श्रद्धालुओं में प्रसाद (खिचड़ी भंडारा) वितरित किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता की धर्मपत्नी संगीता देवी, मुख्य संरक्षक ओम प्रकाश सिंह, संरक्षक छोटेलाल मिश्रा एवं विजय शंकर विशेष रूप से मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक शनिवार शाम 6:00 बजे से आयोजित होने वाले इस खिचड़ी भंडारे की शुरुआत श्री राम सेवा समिति के संस्थापक पत्रकार अजीत सिंह द्वारा की गई थी। एक छोटे से प्रयास से शुरू हुई यह पहल आज एक संगठित समिति का रूप ले चुकी है और लगातार 55 हफ़्तों से अनवरत चल रही है। संस्थापक पत्रकार अजीत सिंह ने इस अवसर पर कहा नर सेवा ही नारायण सेवा है। समिति का संकल्प है कि ओबरा क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। हमारे जीवन का ध्येय होना चाहिए कि कुछ करो ऐसा, दुनिया करे आपके जैसा। जनसहयोग और संतों के आशीर्वाद से यह सेवा कार्य अनवरत जारी रहेगा। 55वें साप्ताहिक भंडारे के आयोजन के दौरान रीना राय, करण जोगले, अनिल गुप्ता, दिनेश चौबे, अरुण गुप्ता, पुष्पा दुबे सहित श्री राम सेवा समिति के तमाम सदस्य, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

