ओबरा/सोनभद्र । आशीष मिश्रा। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत संभावित आगजनी की घटनाओं को रोकने तथा आम जनमानस को सुरक्षा मानकों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (केऔसुब/CISF) अग्निशमन शाखा द्वारा शनिवार, 05 सितंबर 2026 को एक विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। केऔसुब इकाई के उप-कमांडेंट सदा राम यादव के दिशा-निर्देशन में आयोजित यह अभियान ओबरा स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार एवं रिलायंस ट्रेंड्स मॉल में चलाया गया, जिसमें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अभियान के दौरान केऔसुब अग्निशमन टीम ने मॉल व स्मार्ट बाजार में उपस्थित कर्मचारियों तथा ग्राहकों को दीपावली के दौरान पटाखों व विद्युत सजावट से होने वाली सम्भावित दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों से अवगत कराया। केऔसुब अधिकारियों ने आग लगने की आपातकालीन स्थिति में तुरंत किए जाने वाले उपायों, अग्निशामक यंत्रों को चलाने के सही तरीकों और आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। टीम ने सभी से अपील की कि थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता बरतकर किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को आसानी से रोका जा सकता है। यह जागरूकता अभियान निरीक्षक/अग्नि हुपेंद्र कुमार एवं उप-निरीक्षक/अग्नि अमित कुमार चतुर्वेदी की कुशल देख-रेख में आयोजित किया गया। अभियान में केऔसुब के प्रधान आरक्षक/अग्नि राकेश जी श्रीवास, देवेन्द्र कुमार, सुशिल कुमार ताव, दिनेश बैठा, विवेकानंद सिंह तथा आरक्षक/अग्नि नितेश कुमार सिंह, प्रिंस पी थॉमस, एन जी कपिल सिंघा एवं आरक्षक/डिसिपियो राकेश कुमार ने प्रमुखता से भाग लिया। इस अवसर पर रिलायंस स्मार्ट बाजार के लगभग 45 कर्मचारियों एवं रिलायंस ट्रेंड्स मॉल के लगभग 20 कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अग्नि सुरक्षा के गुर सीखे।
सोनभद्र आगामी दीपावली के मद्देनजर केऔसुब अग्निशमन शाखा ने चलाया अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान
Related Posts
Add A Comment

