17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान की तैयारियों पर कार्यकर्ताओं को सौंपे गए दायित्व
वॉइस इंडिया न्यूज
रिपोर्टर/ रीना राय
ओबरा (सोनभद्र)। भारतीय जनता पार्टी ओबरा मंडल के तत्वावधान में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को बीएमएस कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा ओबरा मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल ने की।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं भाजपा ओबरा मंडल प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बृजेश श्रीवास्तव ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा और जनकल्याण की गतिविधियों को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी सक्रियता एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने का आह्वान किया।
वहीं मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल ने कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी, सक्रियता और समर्पण के साथ अभियान में जुटने की अपील की।
कार्यशाला के दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर भाजपा ओबरा मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

