अनपरा, सोनभद्र। 05 जून 2026 स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र अनपरा में आज सफाई व्यवस्था उस समय ठप हो गई जब संविदा पर तैनात सफाई कर्मियों के सब्र का बांध टूट गया। आज (शुक्रवार) को समय से मानदेय न मिलने और भविष्य निधि (PF) में विसंगतियों को लेकर दर्जनों सफाई कर्मियों ने काम बंद कर दिया और ठेकेदार व संबंधित प्रबंधन के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि पिछले दो महीनों से संविदाकार (ठेकेदार) द्वारा उनके वेतन का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। कर्मियों का कहना है कि लगातार काम करने के बावजूद उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले दो महीने से हमें फूटी कौड़ी नहीं मिली है। मानदेय न मिलने के कारण हमारे घरों में राशन-पानी, बच्चों की पढ़ाई और दवा-इलाज आदि की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। हमारे सामने भुखमरी की नौबत आ गई है, लेकिन संविदाकार हमारी सुध लेने को तैयार नहीं है।
वेतन विसंगति के साथ-साथ सफाई कर्मियों ने प्रोविडेंट फंड (PF) कटौती को लेकर भी संविदाकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका पीएफ नियमानुसार और तय मानक के अनुरूप नहीं काटा जा रहा है। संविदाकार अपनी मनमर्जी से पीएफ की रकम काट रहा है, जिसका कोई पारदर्शी ब्योरा या स्लिप भी कर्मियों को नहीं दी जाती। इस मनमानी से सफाई कर्मियों में भविष्य को लेकर भारी असुरक्षा और आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार सुबह जैसे ही सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर काम ठप किया, क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। कर्मियों ने एक सुर में चेतावनी दी है कि जब तक उनके पिछले दो महीने के बकाए वेतन का पूर्ण भुगतान नहीं हो जाता और पीएफ कटौती को पारदर्शी व मानक के अनुरूप नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। इस विरोध प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया है। समाचार लिखे जाने तक संविदाकार या प्रबंधन की ओर से सफाई कर्मियों को मनाने या वार्ता करने का कोई आधिकारिक प्रयास सामने नहीं आया था। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर गरीब सफाई कर्मियों के हक का भुगतान कराने की मांग की है।
अनपरा में सफाई कर्मियों का फूटा गुस्सा दो महीने से वेतन न मिलने पर काम बंद कर की नारेबाजी, पीएफ कटौती पर भी उठाए सवाल
Previous Articleसमाज कल्याण मंत्री ने किया एक पेड़ माँ के नाम का आह्वान
Related Posts
Add A Comment

