भदोही,जिलाधिकारी शैलेष कुमार के कुशल निर्देशन में आज मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने आज राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, सराय राजपूतानी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को परिसर की नियमित सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
ओपीडी रजिस्टर के सत्यापन के दौरान दिनांक 04 जून 2026 को कुल 84 मरीजों का उपचार किया जाना दर्ज पाया गया, जिसमें 35 नए एवं 49 पुराने मरीज शामिल थे। मुख्य विकास अधिकारी ने अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट संतोष कुमार पटेल को भी कार्य के प्रति अधिक जिम्मेदारी एवं तत्परता बरतने की कड़ी हिदायत दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ करें, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

