रसड़ा (बलिया)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार नगर सहित ग्रामीण अंचलों में उत्साह, हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कुर्बानी देकर परिवार, समाज और देश की सलामती के लिए अल्लाह तआला से दुआ मांगी। साथ ही परिवार में सुख-शांति, खुशहाली और बरकत की कामना की गई।
गुरुवार की सुबह नगर की विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों में निर्धारित समयानुसार नमाज अदा की गई। सुबह साढ़े छह बजे से सवा सात बजे तक मुस्लिम भाइयों ने नमाज पढ़कर एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी तथा नेक रास्ते पर चलने और अमन-चैन कायम रहने की दुआ की।
त्योहार के अवसर पर लोगों ने अपने रिश्तेदारों एवं परिचितों को घर आमंत्रित कर दावत दी। कुर्बानी के बाद सेवई, फल, विभिन्न पकवान एवं अन्य व्यंजन खिलाकर खुशियां मनाई गईं।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विनय शंकर जायसवाल ने नगर में साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था कराई। उन्होंने नमाज अदा कर लौट रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों से गले मिलकर ईद-उल-अजहा की बधाई दी तथा सदैव सेवा करने का आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर सभासद, नगर पालिका कर्मचारी तथा विभिन्न समुदायों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Related Posts
Add A Comment

