ओबरा/सोनभद्र (18 जुलाई 2026)। नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान के मूल मंत्र के साथ सोनभद्र पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद में संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत ओबरा स्थित शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस पाठशाला के माध्यम से भारी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं को कानून, सुरक्षा उपायों और डिजिटल दुनिया के खतरों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय, प्रभारी निरीक्षक ओबरा, प्रभारी मिशन शक्ति केंद्र तथा प्रभारी साइबर हेल्प थाना ओबरा उपस्थित रहे। अधिकारियों की इस संयुक्त टीम ने बच्चों के बीच पहुंचकर कई संवेदनशील और समसामयिक विषयों पर खुलकर चर्चा की छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और बचपन में होने वाले दुर्व्यवहार (गुड टच-बैड टच) को पहचानने व उसके खिलाफ आवाज उठाने के तौर-तरीके सिखाए गए। वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते इंटरनेट अपराधों को देखते हुए बच्चों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, लॉटरी के झांसे और ओटीपी (OTP) फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि) के सुरक्षित उपयोग की सख्त हिदायत दी गई। मानसून के मौसम को देखते हुए पानी में डूबने की घटनाओं से बचाव के तरीके साझा किए गए। इसके अलावा, सड़क हादसों में घायलों की मदद करने के लिए सरकार की राहगीर योजना के बारे में बताते हुए कहा गया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों से पुलिस कोई पूछताछ नहीं करती, बल्कि उन्हें पुरस्कृत किया जाता है।
सवालों के मिले जवाब, बच्चों ने लिया संकल्प
पाठशाला के अंतिम सत्र में छात्र-छात्राओं और पुलिस अधिकारियों के बीच सीधा संवाद हुआ। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा और घरेलू हिंसा से जुड़े कई तीखे और रोचक सवाल पूछे, जिनका क्षेत्राधिकारी प्रभात राय ने बेहद सरल और संतोषजनक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।कार्यक्रम से प्रभावित होकर विद्यार्थियों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में उतारने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।
ओबरा के शिक्षा निकेतन कॉलेज में मिशन शक्ति 5.0 के तहत छात्र-छात्राएं हुए जागरूक
Related Posts
Add A Comment

