ओबरा (सोनभद्र)। अजीत प्रताप सिंह। ओबरा नगर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKY) के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को ओबरा तहसील के सभा कक्ष में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वर्चुअल संवाद) के माध्यम से क्षेत्र के उचित मूल्य राशन विक्रेताओं (कोटेदारों) के साथ सीधी वार्ता की और योजना की प्रगति का जायजा लिया। सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ के प्रतिनिधि एवं किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष/मनोनीत सभासद उमेश पटेल उपस्थित रहे। वर्चुअल वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोटेदारों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक खाद्यान्न की आपूर्ति बिना किसी बाधा के पहुँचे।
उन्होंने कोरोना काल से लेकर वर्तमान तक मुफ्त राशन वितरण में कोटेदारों द्वारा निभाए गए दायित्वों की सराहना की। साथ ही, उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि घटतौली या किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी उचित मूल्य दुकानदार ई-पॉस मशीन के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें। ओबरा तहसील सभागार में मुख्यमंत्री के इस संवाद कार्यक्रम को सुनने और समझने के लिए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय कोटेदारों की भारी उपस्थिति रही। वरिष्ठ नेता रामनिवास तोमर, निशांत कुशवाह। मंडल उपाध्यक्ष विकास सिंह, महामंत्री नित्यानंद दुबे, अनुज त्रिपाठी, मंडल मंत्री सरिता सिंह। उमेश चंद्र शुक्ला, राजकुमार यादव, दशरथ शुक्ला सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के दर्जनों राशन विक्रेता। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी जन प्रतिनिधियों, भाजपाइयों और कोटेदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि प्रतिनिधि उमेश पटेल ने कहा कि ओबरा क्षेत्र में राशन वितरण की व्यवस्था को पूरी तरह से सुगम और पारदर्शी बनाया जाएगा ताकि किसी भी गरीब परिवार को अपने हक का अनाज पाने के लिए परेशान न होना पड़े।
ओबरा तहसील सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन विक्रेताओं से की सीधी वार्ता
Related Posts
Add A Comment

