ओबरा/सोनभद्र । रीना राय रिपोर्टर
मानसून के मौसम में नगर की स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में रात-दिन जुटे सफाईकर्मियों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर नगर पंचायत ओबरा ने एक सराहनीय पहल की है। नगर पंचायत चेयरमैन एवं अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में नगर पंचायत प्रांगण में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सफाईकर्मियों को रेनकोट एवं सेफ्टी शूज (सुरक्षा जूते) वितरित किए गए।
नगर पंचायत प्रशासन की इस संवेदनशीलता से विपरीत मौसम में काम कर रहे सफाईकर्मियों को बड़ी राहत मिली है। सफाईकर्मियों को सुरक्षा उपकरण वितरित करते हुए नगर पंचायत चेयरमैन चाँदनी देवी ने कहा कि सफाईकर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। चाहे भयंकर बारिश हो, तपती गर्मी हो अथवा अन्य कोई भी विपरीत परिस्थितियाँ, हमारे सफाईकर्मी हमेशा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना नगर पंचायत ओबरा की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (EO) आशुतोष त्रिपाठी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सफाईकर्मियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण (रेनकोट व सेफ्टी शूज) उपलब्ध कराने से वे बारिश और जलभराव जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों में भी बीमारियों व दुर्घटनाओं से सुरक्षित रहकर अपना कार्य कर सकेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर पंचायत द्वारा स्वच्छता कर्मियों की सुविधाओं, अधिकारों और सुरक्षा को लेकर आगे भी इसी प्रकार आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे। मानसून के बीच गुणवत्तापूर्ण रेनकोट एवं सेफ्टी शूज प्राप्त कर सफाईकर्मियों के चेहरे खिल उठे। सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत के इस कल्याणकारी प्रयास की खुले दिल से सराहना करते हुए चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्रवण पासवान, सभासद अमित गुप्ता, संजय कन्नौजिया, उमेश पटेल, सतीश पांडेय, मनोज सिंह, अजीत कन्नौजिया, अनिल कुमार (नीलू) सहित नगर पंचायत के तमाम कर्मचारी एवं सफाईकर्मी उपस्थित रहे।
ओबरा सफाईकर्मियों की सुरक्षा को लेकर नगर पंचायत की बड़ी पहल रेनकोट एवं सेफ्टी शूज का किया गया वितरण
Related Posts
Add A Comment

