ओबरा (सोनभद्र)। नर सेवा ही नारायण सेवा है। इस मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए ओबरा नगर के सुभाष चौराहा स्थित प्रतिष्ठित श्री सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर परिसर में प्रत्येक शनिवार को श्रीराम सेवा समिति के तत्वाधान में विशाल खिचड़ी भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। पिछले वर्ष (23 अगस्त 2025) एक विशेष संयोग यानी शनि अमावस्या के पावन अवसर से शुरू हुआ यह परोपकारी अभियान आज क्षेत्र के जरूरतमंदों, भक्तों और राहगीरों के लिए एक बड़ा संबल बन चुका है।
इस सेवा कार्य की पृष्ठभूमि बेहद प्रेरणादायक है। आपको बताते चलें कि इस पुनीत कार्य की नींव स्थानीय पत्रकार अजीत सिंह ने अकेले ही रखी थी। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए उन्होंने इस भंडारे की शुरुआत की थी। शुरुआत भले ही छोटे स्तर पर हुई थी, लेकिन देखते ही देखते पत्रकार अजीत सिंह की इस नेक और ईमानदार पहल का असर पूरे नगर में दिखने लगा। आज उनके इस सेवा भाव से प्रभावित होकर समाज के कई गणमान्य, प्रबुद्ध और संभ्रांत लोग इस अभियान से जुड़ चुके हैं। अब यह समिति और उनकी टीम एक बड़े परिवार का रूप ले चुकी है, जो आपसी सहयोग से इस साप्ताहिक सेवा को निरंतर आगे बढ़ा रही है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को शाम 6:00 बजे से प्रसाद वितरण का कार्य पूरी श्रद्धा और साफ-सफाई के साथ शुरू हो जाता है। समिति का मुख्य उद्देश्य यह रहता है कि शनिवार की शाम सुभाष चौराहे से गुजरने वाला कोई भी जरूरतमंद, राहगीर, भक्तगण या असहाय व्यक्ति भूखा न रहे। भोजन के मेनू में भी विविधता रखी जाती है; जहाँ मुख्य रूप से स्वादिष्ट और पौष्टिक खिचड़ी का वितरण होता है, वहीं समय-समय पर श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए विशेष रूप से खीर और हलवे का भी वितरण किया जाता है।शनिवार की शाम होते ही सुभाष चौराहा हनुमान मंदिर के पास भक्तों और प्रसाद ग्रहण करने वालों की लंबी कतारें लग जाती हैं। मंदिर की दिव्यता और समिति के सदस्यों का सेवा भाव मिलकर वहां का माहौल पूरी तरह से सकारात्मक और भक्तिमय बना देता है।
इसी क्रम में बीते 6 जून को आयोजित साप्ताहिक भंडारे में समिति के सदस्यों के सक्रिय सहयोग और समर्पण के कारण भव्य स्तर पर प्रसाद वितरण संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर समिति का कुनबा और मजबूत हुआ, जब नगर के कई अन्य सम्मानित जनों ने न सिर्फ भंडारे में अपनी सेवाएं दीं, बल्कि समिति की सदस्यता ग्रहण कर आगे भी इस सेवा कार्य को जारी रखने का संकल्प लिया।
समिति के संरक्षक, सदस्य और नए सहयोगियों की पूरी सूची इस प्रकार है। पत्रकार अजीत सिंह के पूज्य पिता श्री बाबू राम सिंह,ओम प्रकाश सिंह ,संकट मोचन झा, सरिता सिंह, रीना राय, सर्वेश दुबे, विजय शंकर, सक्रिय सदस्य अनिल गुप्ता, विनय चौबे नए सहयोगी व सदस्य (6 जून से जुड़े) अलका सक्सेना, रतन प्रकाश सक्सेना, मोना सक्सेना, ममता श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार सिंह, संजू श्रीवास्तव, बीना पांडे, निर्मला भटनागर, उषा शर्मा, संजीता सिंह, गीतांजलि चौबे शनि अमावस्या से शुरू होकर अनवरत चल रहे इस भंडारे की सराहना अब पूरे ओबरा नगर में हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि व्यस्तता के इस दौर में जहां लोग अपनों के लिए समय नहीं निकाल पाते, वहीं श्रीराम सेवा समिति के सदस्य हर शनिवार को निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा में जुटे रहते हैं। समिति के सदस्यों का संकल्प है कि बाबा बजरंगबली की कृपा और नगरवासियों के सहयोग से यह साप्ताहिक भंडारा भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।
ओबरा सुभाष चौराहे पर श्रीराम सेवा समिति का अनुकरणीय प्रयास, प्रत्येक शनिवार को श्रद्धा के साथ सजता है भंडारा
Related Posts
Add A Comment

