भदोही: केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के अंतर्गत उद्योग विभाग के तत्वावधान में विकासखंड सभागार, भदोही में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्री बाल गोविंद शुक्ला रहे। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों एवं नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य विकास अधिकारी श्री बाल गोविंद शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार, कौशल विकास एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने आर्थिक एवं सामाजिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
उपायुक्त उद्योग ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना, एक उत्पाद एक व्यंजन योजना तथा अन्य स्वरोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
खंड विकास अधिकारी भदोही ने ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के चयनित लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु सिलाई मशीन सहित टूलकिट प्रदान किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को क्रमशः 25 लाख रुपये, 20 लाख रुपये एवं 5 लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
संवाद कार्यक्रम में उपस्थित जनसामान्य को आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग से जोड़ने की अपील की गई। वक्ताओं ने योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए नियमित योग करने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, लाभार्थियों तथा क्षेत्रीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही

