मोहनलालगंज, लखनऊ,उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ के तत्वावधान में रविवार को जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट प्रशिक्षण सभागार, मोहनलालगंज में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को स्वरोजगार, उद्यम स्थापना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों एवं ग्रामीण प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ए.के. गौतम ने उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और सरकार युवाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग केवल रोजगार का माध्यम ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सशक्त जरिया भी है।बैंक ऑफ इंडिया मोहनलालगंज के शाखा प्रबंधक अब्दुल नासिर ने युवाओं को बैंकिंग प्रक्रिया, ऋण स्वीकृति, मार्जिन मनी एवं सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सही योजना और प्रशिक्षण के माध्यम से युवा सफल उद्यमी बन सकते हैं।जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के सहायक आयुक्त उद्योग विमल कुमार सिंह ने उद्यम स्थापना की प्रक्रियाओं, विभागीय सहयोग एवं पंजीकरण संबंधी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को स्टार्टअप एवं लघु उद्योग स्थापित करने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है।खादी ग्रामोद्योग लखनऊ की फैशन डिजाइनर प्रीती पाण्डेय ने खादी एवं ग्रामोद्योग आधारित उद्योगों में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को आधुनिक डिजाइनिंग एवं मार्केटिंग से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खादी उत्पादों की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है।वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़े आर-सेट्टी के निदेशक रजनीकांत तिवारी ने कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को विभिन्न प्रशिक्षण योजनाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’, प्रतिनिधि अध्यक्ष नगर पंचायत मोहनलालगंज एवं प्रबंधक जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने संस्था द्वारा सरकारी सहयोग से किए जा रहे सामाजिक एवं प्रशिक्षण कार्यों की जानकारी भी साझा की।
एसोचैम उत्तर प्रदेश के सदस्य प्रदीप सिंह ने उद्योग एवं उद्यमी सहभागिता को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं हेतु ऑन-द-स्पॉट मार्गदर्शन, आवेदन प्रक्रिया की जानकारी तथा बैंक एवं विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिला। इससे उपस्थित युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।अंत में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
खादी ग्रामोद्योग जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं को मिला स्वरोजगार का मंत्र
Related Posts
Add A Comment

