हापुड़। जनपद में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाबूगढ़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 506 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना बाबूगढ़ टीम द्वारा ग्राम बनखण्डा नहर पटरी पर श्मशान घाट के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके पास से 506 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीस उर्फ बबलू पुत्र रमजानी निवासी ग्राम पीरनगर, थाना सिम्भावली, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने करीब डेढ़ माह पूर्व थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम नली हुसैनपुर में भैंस चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ हापुड़, गौतमबुद्धनगर और मेरठ जनपदों में लूट, चोरी व गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप ने बताया कि जनपद में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चेकिंग के दौरान एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 506 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

