भदोही:जनपद में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की निर्बाध एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी संचालकों, पेट्रोल पम्प मालिकों तथा विभिन्न ऑयल कम्पनियों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि कुछ गैस कम्पनियों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों की पुरानी बुकिंगों का निस्तारण करते समय उपभोक्ताओं की सहमति के बिना बुकिंगों का स्थानान्तरण किया जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है साथ ही उपभोक्ताओं द्वारा बुकिंग के पश्चात उनका ऑनलाइन बुकिंग को बिना कारण निरस्त कर दिया जा रहा है इसकी लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसके अतिरिक्त कुछ पेट्रोल पम्पों पर इण्डेन्ट लगाने के बावजूद कई दिनों तक तेल आपूर्ति नहीं किये जाने की भी पुष्टि हुई।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने उक्त मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसियों एवं ऑयल कम्पनियों के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी गैस एजेंसी संचालक प्रत्येक उपभोक्ता तक समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही किसी अन्य एजेंसी से स्थानान्तरित होकर आयी बुकिंगों की भी नियमित आपूर्ति की जाये। किसी भी स्थिति में उपभोक्ता की बुकिंग निरस्त नहीं की जायेगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी गैस एजेंसी अथवा ऑयल कम्पनी के अधिकारी द्वारा निर्देशों की अवहेलना की गयी अथवा उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया तो संबंधित के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
बैठक में बीपीसीएल के पेट्रोल पम्पों पर इण्डेन्ट के बावजूद तेल आपूर्ति कम होने के मामले में श्री श्याम कुमार, विक्रय प्रबन्धक (बीपीसीएल) से स्पष्टीकरण तलब किया गया। साथ ही आईओसीएल एवं एचपीसीएल के विक्रय प्रबन्धकों को निर्देशित किया गया कि कम आपूर्ति वाले पेट्रोल पम्पों की समीक्षा कर तीन दिवस के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी तथा आमजन को समय से सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार, गैस एवं आयल कंपनियों के अधिकारी, गैस संचालक,पेट्रोल पंप मालिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गैस सिलेंडर बुकिंग में मनमानी एवं तेल आपूर्ति में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त
Related Posts
Add A Comment

