चोपन/सोनभद्र। रिपोर्टर रीना राय। सावन माह के दूसरे सोमवार (10 अगस्त) को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल और ऐतिहासिक बनाने के लिए महादेव सेवा समिति द्वारा रविवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए समिति के अधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को पूर्ण निष्ठा के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
तैयारियों की जानकारी देते हुए महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शिवभक्त कांवड़ियों के सम्मान, जलपान, सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। यात्रा मार्ग के दौरान कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए चोपन से लेकर डाला नगर तक जगह-जगह नि:शुल्क जलपान स्टॉल लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी आपातकालीन स्थिति व स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं से निपटने के लिए एम्बुलेंस व चिकित्सा वाहन की भी विशेष व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि चोपन एवं डाला नगर के स्थानीय समाजसेवियों तथा प्रबुद्ध जनों का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। नगर में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों के सौजन्य से कांवड़ियों व श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने संपूर्ण नगरवासियों से अपील की है कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा एवं कांवड़ यात्रा को अनुशासित, भव्य और सफल बनाएं। सावन के दूसरे सोमवार पर निकलने वाली इस पारंपरिक कांवड़ यात्रा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। चोपन से प्रारंभ होकर डाला स्थित शिव मंदिर तक जाने वाली इस यात्रा के दौरान भोलेनाथ के भक्ति गीतों, डमरू की तान और हर-हर महादेव व जय शिव शंभू के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठेगा। आयोजन को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से अनूप गुप्ता, नुरु शुक्ला, संदीप चौरसिया, संतोष गुप्ता, जितेंद्र जायसवाल, आदित्य पाण्डेय, सोनू, अरविन्द विश्वकर्मा एवं संजय निषाद सहित महादेव सेवा समिति के तमाम सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चोपन-डाला सावन के दूसरे सोमवार को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा महादेव सेवा समिति की तैयारियाँ पूरी
Related Posts
Add A Comment

