बाराचवर/ गाजीपुर। जनपद गाजीपुर में लंबे समय से बारिश नहीं होने और लगातार पड़ रहे सूखे के कारण किसानों की महीनों की मेहनत पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। धान की फसल पानी के अभाव में सूखने लगी थी, जिससे किसान बेहद चिंतित थे। लेकिन शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश ने किसानों के लिए राहत की सौगात लेकर आई।।
विशेष रूप से बाराचवर विकासखंड एवं मुहम्मदाबाद तहसील का करइल क्षेत्र, जो रबी और खरीफ दोनों फसलों के लिए प्रसिद्ध माना जाता है, वहां बारिश के बाद खेतों में नई रौनक लौट आई। धान की फसल को पर्याप्त पानी मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे और खेती को लेकर नई उम्मीद जगी है।।
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर अच्छी बारिश होती रही तो धान की फसल बेहतर होगी और इस वर्ष अच्छी पैदावार मिलने की पूरी संभावना है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी और खेती उनकी आय का प्रमुख स्रोत बनी रहेगी।।
शनिवार की बारिश ने न केवल खेतों को जीवन दिया, बल्कि किसानों के मन में भी नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार कर दिया है।

