मोहनलालगंज लखनऊ, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र के पुरहिया गांव में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य
नदौली-पुरहिया ड्रेन की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर प्रभावित किसानों से संवाद स्थापित करना और उसके समाधान के लिए आगे की रणनीति तय करना था।बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने उन किसानों से बातचीत की जिनकी कृषि भूमि नदौली-पुरहिया ड्रेन के क्षेत्र में आती है। किसानों ने बताया कि जब इस ड्रेन की खुदाई का कार्य प्रारंभ किया गया था, तब उनके पूर्वजों ने विभिन्न कारणों से इसका विरोध किया था और ड्रेन को पूरी तरह खुदने नहीं दिया गया। इसका खामियाजा आज क्षेत्र के किसान भुगत रहे हैं। ड्रेन की उचित खुदाई और सफाई न होने के कारण बरसात एवं सिंचाई का पानी खेतों में भर जाता है, जिससे बड़ी संख्या में कृषि भूमि जलमग्न रहती है और फसल उत्पादन प्रभावित होता है।किसानों ने एक स्वर में कहा कि अब वे इस समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं और ड्रेन की खुदाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं। किसानों ने आश्वासन दिया कि सिंचाई विभाग जिस प्रकार उचित समझे, ड्रेन की खुदाई और सफाई का कार्य करा सकता है तथा सभी किसान विभाग का पूरा सहयोग करेंगे।बैठक के दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के लखनऊ मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने ऊसर सुधार विभाग उन्नाव के अवर अभियंता संदीप कुमार से दूरभाष पर वार्ता की। अवर अभियंता ने बताया कि विभाग वर्तमान में केवल ड्रेन की सफाई का कार्य करा सकता है, नई खुदाई कराने का अधिकार उनके स्तर पर नहीं है। इसके लिए प्रमुख अभियंता सिंचाई विभाग एवं प्रमुख अभियंता ऊसर सुधार विभाग के निर्देश आवश्यक होंगे।इसके बाद बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित प्रमुख अभियंता सिंचाई विभाग तथा प्रमुख अभियंता ऊसर सुधार विभाग के कार्यालय पहुंचकर नदौली-पुरहिया ड्रेन की खुदाई एवं समस्या के स्थायी समाधान के संबंध में वार्ता करेगा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के किसान ड्रेन स्थल पर एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।बैठक में लखनऊ मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष साहब दीन फौजी, बद्री विशाल बाजपेई, राजेश सिंह, कृष्ण पाल सिंह, देशराज सिंह, अवधेश कुमार शुक्ला, नवनीत बाजपेई सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन ग्राम पुरहिया निवासी मनीष दीक्षित द्वारा किया गया।
ड्रेन खुदाई के लिए एकजुट हुए किसान, समाधान न होने पर होगा धरना-प्रदर्शन
Related Posts
Add A Comment

