लखनऊ, मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फुलवरिया मोड़ के पास मंगलवार को तेज रफ्तार डाक पार्सल पिकअप वाहन की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, फुलवरिया स्थित बीजेपी कार्यालय के निकट निवासी 55 वर्षीय हसन मोहम्मद पुत्र लाल मोहम्मद साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान फुलवरिया मोड़ के पास रॉन्ग साइड से आ रहे एक अज्ञात डाक पार्सल पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल उपचार के लिए मानस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि फुलवरिया मोड़ पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से चलने वाले वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।
तेज रफ्तार डाक पार्सल पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर घायल
Related Posts
Add A Comment

