सैदपुर (गाजीपुर)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा आयोजित “दलित चौपाल” कार्यक्रम ग्राम नाथूपुर मांगारी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने चौपाल को संबोधित करते हुए पासी-पासवान एवं दलित समाज से अपने अधिकारों और न्याय की लड़ाई के लिए संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज का नेतृत्व समाज के भीतर से ही उभरना चाहिए और अब उधार या भाड़े के नेताओं की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पासी-पासवान समाज के वीर राजाओं ने विदेशी आक्रांताओं से देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। आज नव-सामंतवादी ताकतों से समाज की रक्षा के लिए अपने समाज से सशक्त नेतृत्व के आगे आने की जरूरत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने “पी-3” (पंडित, पासी-पासवान एवं दलित समाज) को संगठित करने का आह्वान करते हुए कहा कि इन वर्गों की एकजुटता ही उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा कर सकती है। उन्होंने कहा कि जो दल “पीडीए” का नारा देकर इन वर्गों को केवल वोट बैंक मानते रहे, उन्होंने वर्षों तक समाज की उपेक्षा की। अब समय आ गया है कि समाज स्वयं संगठित होकर अपने नेतृत्व को तैयार करे और प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनावी तैयारी करे।
उन्होंने नारा दिया, “क्यों मांगें उधार, अब अपना नेता तैयार।”
गठबंधन के सवाल पर राजीव पासी ने कहा कि दलित चौपाल के माध्यम से समाज जो निर्णय करेगा, वह पार्टी को स्वीकार होगा। हालांकि गठबंधन पर अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित करने और नेतृत्व को उभारने का अभियान पूरे प्रदेश में लगातार चलाया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष प्रिंस यादव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्रदेश महासचिव आशुतोष सिंह गहरवार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं एमएलसी प्रभारी वाराणसी प्रशांत श्रीवास्तव, शुभम चौधरी, सूरज कन्नौजिया, प्रशांत सोनकर, कमलेश यादव, राजीव चौरसिया, चन्द्रशेखर, संदीप गुप्ता, गुरु प्रसाद राणा, आशीष पटेल, उत्कर्ष सैनी समेत अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान अभी शुरुआत है और “दलित चौपाल” को प्रदेश की प्रत्येक पंचायत, ब्लॉक और जनपद तक पहुंचाया जाएगा।
दलित चौपाल में समाज को संगठित होने का आह्वान, 403 सीटों पर तैयारी का ऐलान
Related Posts
Add A Comment
