दुबहड़ (बलिया)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुबहड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 315 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया है, जबकि मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को जनाड़ी चौराहे से करीब 40-50 मीटर आगे जनेश्वर मिश्र सेतु मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक पिकअप वाहन (UP60BT6233) की तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से ब्ल्यू लाइम ब्रांड की 35 पेटियां अवैध देशी शराब बरामद हुईं।
बरामद 35 पेटियों में कुल 1,575 पाउच मिले, जिनमें प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब भरी थी। इस प्रकार कुल 315 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही पिकअप वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
बरामदगी के आधार पर थाना दुबहड़ में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 एवं 72 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा एवं थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल के नेतृत्व में की गई। अभियान में उपनिरीक्षक शुभेन्द्र सिंह, कांस्टेबल तरुण मिश्रा और रिजर्व कांस्टेबल एकांश सिंह शामिल रहे।

