(गाजीपुर)। मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के दम पर क्षेत्र के ग्राम पखनपुरा निवासी एहतशाम खान ने वह मुकाम हासिल किया है, जिसका सपना लाखों युवा देखते हैं। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में पहली ही कोशिश में शानदार प्रदर्शन करते हुए एहतशाम खान ने 23वीं रैंक प्राप्त कर म्युनिसिपल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (एमईओ) पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव, क्षेत्र और जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है।
परिवारजनों के अनुसार एहतशाम खान बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा चौथी कक्षा तक मोहम्मदाबाद स्थित आइडियल पब्लिक स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई इलाहाबाद के केंद्रीय विद्यालय से पूरी की। पढ़ाई के दौरान वे हमेशा प्रतिभाशाली छात्रों की सूची में शामिल रहे और लगभग प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करते रहे।
एहतशाम के पिता मोहम्मद इकराम खान ने पुत्र को उच्च प्रशासनिक पद पर देखने का सपना संजो रखा था। इसी उद्देश्य से उन्होंने एहतशाम को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली स्थित आतिया फाउंडेशन में दाखिला दिलाया। चार वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम आखिरकार सफलता के रूप में सामने आया और एहतशाम ने पहली ही परीक्षा में अफसर बनकर अपने परिवार और जिले का गौरव बढ़ाया।
एहतशाम खान एक प्रतिष्ठित एवं देशसेवा की परंपरा वाले परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता मोहम्मद इकराम खान भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि दादा स्वर्गीय नेसार खान भी सेना में रहकर देश की सेवा कर चुके हैं। उनके छोटे दादा अमिरुल्लाह खान पुलिस विभाग में दरोगा पद से सेवानिवृत्त होकर वर्तमान में सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। परिवार के ही प्रधान फखरे आलम खान भी समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। परिवार के अनेक सदस्य सेना और पुलिस विभाग में रहकर सेवा दे चुके हैं।
एहतशाम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पखनपुरा गांव में जश्न का माहौल है। सुबह से देर शाम तक लोगों का उनके आवास पर पहुंचकर बधाई देने का सिलसिला जारी रहा। शुभकामनाएं देने वालों में पूर्व सैनिक शमशाद खान, महताब खान, अमिरुल्लाह खान, रियाजुल खान, आरिफ खान, शाहनवाज खान, सिराज खान, सदरूद्दीन खान, मेराज खान, अजीम खान, आजाद खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उपस्थित रहे।
पखनपुरा के एहतशाम खान ने रचा इतिहास, पहली ही कोशिश में BPSC में 23वीं रैंक हासिल कर बने एमईओ
Related Posts
Add A Comment

