पत्नी समेत पांच पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज, दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
मोहनलालगंज नगराम थाना क्षेत्र के अमेठियन का पुरवा गांव में शनिवार रात एक युवक ने कथित रूप से पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार अमेठिया निवासी अशोक कुमार सिंह के 28 वर्षीय बेटे प्रशांत कुमार सिंह की शादी वर्ष 2018 में बलरामपुर जनपद निवासी ममता सिंह से हुई थी। परिवार वालों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा था। छोटी-छोटी बातों को लेकर घर में आए दिन कलह होती थी। आरोप है कि पत्नी ममता अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर प्रशांत पर लगातार मानसिक दबाव बनाती थी, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था।परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से विवाद और अधिक बढ़ गया था। शनिवार रात करीब नौ बजे प्रशांत अपने कमरे में था। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह दुपट्टे के सहारे पंखे के हूक से लटका मिला। यह दृश्य देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक अपने पीछे दो मासूम बेटे हार्दिक (7) और यश (4) को छोड़ गया है। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पत्नी समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज
मृतक के पिता अशोक सिंह ने नगराम पुलिस को तहरीर देकर बहू ममता सिंह, उसकी बड़ी बहन रानी सिंह, बब्बी सिंह, सास श्याम कुमारी और ससुर राजकुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सभी लोग मिलकर प्रशांत को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
एसीपी विकास पाण्डेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मौत के बाद घर पहुंचकर मचाया उत्पात
मृतक के पिता अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद रात में ही ससुराल पक्ष के लोग उनके घर पहुंच गए और घर में हंगामा करने लगे। आरोप है कि उन्होंने परिवार के लोगों को घर के एक हिस्से में जाने से रोक दिया और घर में रखी अलमारी खंगाल कर जेवरात समेत अन्य सामान उठा ले गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

