दुल्लहपुर (गाजीपुर)। परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की स्मृति में स्थापित पार्क से दर्जनों लाइटें चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद शहीद के पौत्र परवेज ने थाना दुल्लहपुर में लिखित तहरीर देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहीद वीर अब्दुल हमीद स्मारक पार्क के सौंदर्यीकरण और रोशनी की व्यवस्था के लिए समाजसेवी सद्दाम के प्रयास से स्थानीय लोगों से चंदा एकत्र किया गया था। इसी धनराशि से पार्क परिसर में कई दर्जन लाइटें लगाई गई थीं, ताकि स्मारक स्थल की सुंदरता और सुरक्षा बनी रहे। हाल ही में अज्ञात चोर पार्क में लगी इन लाइटों को उखाड़कर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी होने पर शहीद वीर अब्दुल हमीद के पौत्र परवेज ने दुल्लहपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने चोरी गई लाइटों की बरामदगी के साथ ही मामले में शामिल अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद देश की आन-बान-शान के प्रतीक हैं। उनके नाम पर बने स्मारक पार्क से चोरी की घटना न केवल दुखद है, बल्कि यह ऐतिहासिक और प्रेरणास्रोत स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से स्मारक स्थल की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दुल्लहपुर संतोष राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परमवीर अब्दुल हमीद स्मारक पार्क से दर्जनों लाइटें चोरी, जांच में जुटी पुलिस
Related Posts
Add A Comment

