हापुड़ (मनीष कुमार) स्वर्ग आश्रम रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर बह रहे गंदे पानी को लेकर कांग्रेस ने नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
प्रभा विहार और ग्रीन वैली कॉलोनी के निवासियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। लोगों ने बताया कि कॉलोनियों के नालों का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है, जिससे मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। वहीं गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
मामले को गंभीर बताते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि नगर की बुनियादी समस्याओं के समाधान में जिम्मेदार विभाग पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्ग पर गंदा पानी बहना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। यह केवल सफाई व्यवस्था की लापरवाही नहीं बल्कि जनता की सुविधाओं के प्रति उदासीन रवैये को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनसुविधाओं के दावे कर रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि आम नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यदि समय रहते नालों की सफाई, जल निकासी और सड़क पर फैले गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल तकनीकी टीम भेजकर समस्या का निरीक्षण कराया जाए और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। राकेश त्यागी ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ गंदे पानी से प्रभावित स्थल पर धरना देकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि जनता को राहत दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और यदि इसमें लापरवाही बरती गई तो कांग्रेस सड़क से लेकर कार्यालय तक आंदोलन चलाने का काम करेगी।

