( गाजीपुर)|क्षेत्र के बदौली अदाई पंप कैनाल नहर पर लगे 5 विद्युत पोल इस समय अत्यंत खतरनाक स्थिति में पहुंच चुके हैं। ये पोल कभी भी गिरकर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी डर और आक्रोश व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि इन लोहे के पोलों पर 33 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन के तार दौड़ रहे हैं। बदौली नहर के पास रहने वाले विद्यासागर यादव, टुनू राजभर, शिवसागर, दशरथ मास्टर, मन्जेय राजभर और श्री नारायण के घरों के ठीक सामने स्थित विद्युत पोल बिल्कुल जर्जर हो चुके हैं। हालत यह है कि ये पोल नीचे से आधे से अधिक जंग लगकर झर चुके हैं और कभी भी धराशायी हो सकते हैं।
शिकायत के बाद भी कुंभकर्ण की भांति सो रहा है बिजली विभाग । और जेई का मोबाइल बंद बता रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग के कर्मचारी कई बार मौके पर आकर फोटो खींचकर ले जा चुके हैं, लेकिन आज तक इस समस्या पर कोई कार्रवाई या सुनवाई नहीं हुई। जब ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर संबंधित जेई से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। विभाग की इस घोर लापरवाही से लोगों में गहरा रोष है।
स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग से इन खतरनाक और जर्जर पोलों को जल्द से जल्द बदलने की मांग की है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समय रहते इन पोलों को नहीं बदला गया, तो वे अनशन और उग्र धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
बदौली पंप कैनाल नहर पर जर्जर विद्युत पोल दे रहे बड़े हादसे को दावत, ग्रामीणों ने दी अनशन की चेतावनी
Related Posts
Add A Comment

