दुद्धी/सोनभद्र -क्षेत्र के बिडर ग्राम पंचायत अंतर्गत बावनझरिया गांव में शुक्रवार की शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मौसम के इस यू-टर्न के बीच वार्ड नंबर चार में लगा एक 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर भरभराकर जमीन पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त बिजली कटी हुई थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना के बाद से पूरा गांव घने अंधेरे में डूब गया है।स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान वार्ड नंबर चार में दो खंभों (पोल) के सहारे टिका 25 केवीए का भारी-भरकम ट्रांसफार्मर तेज आंधी का दबाव नहीं झेल सका। दोनों पोल बीच से टूट गए, जिसके चलते ट्रांसफार्मर सीधे जमीन पर आ गिरा। विद्युत उपकरण के इस तरह जमींदोज होने से स्थानीय बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर उस वक्त लाइन चालू होती, तो करंट की चपेट में आने से कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस संबंध में बिडर ग्राम पंचायत के कार्यवाहक प्रधान श्रवण कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की प्रारंभिक जानकारी मिल चुकी है। वे स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मैं घटनास्थल का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देख रहा हूँ। इसके तुरंत बाद बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से सूचित किया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर और पोल लगवाकर गांव की बिजली आपूर्ति को बहाल कराया जा सके। श्रवण कुमार, कार्यवाहक प्रधान (बिडर) ट्रांसफार्मर गिरने के कारण बावनझरिया गांव के वार्ड नंबर चार समेत आस-पास के दर्जनों घरों की बत्ती पूरी तरह गुल है। बारिश के बाद बढ़ी उमस और गर्मी के कारण ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि आपातकालीन स्थिति को देखते हुए युद्धस्तर पर कार्य कराया जाए और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया जाए।
बावनझरिया में तेज बारिश और आंधी का कहर, पोल टूटने से गिरा ट्रांसफार्मर पूरे गांव की बत्ती गुल
Related Posts
Add A Comment

