रसड़ा (बलिया)। क्षेत्र के कैथी कला गांव में खेत में भैंस चराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल वृद्धा भगवती देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कैथी कला गांव निवासी फूलवंती देवी पत्नी मुन्ना राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सत्येंद्र कुमार पुत्र रामप्रीत उनके खेत में भैंस चरा रहा था। विरोध करने पर वह गाली-गलौज करते हुए उनकी सास भगवती देवी तथा ससुर शंभू राजभर को लाठियों से पीटने लगा।
आरोप है कि शोर सुनकर सत्येंद्र के परिवार के लोग रामप्रीत, राजेंद्र, राजू सुंदरम तथा सत्यराज उर्फ गोल्डी भी मौके पर पहुंच गए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। तहरीर में महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है। घटना में रीता देवी और मुन्ना भी घायल बताए जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Related Posts
Add A Comment

