सैदपुर (गाजीपुर)।वाराणसी मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को सैदपुर क्षेत्र के कोल्हुआघाट घाट से लेकर फुलवारी गंगा तट तक कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी बाढ़ के मद्देनजर गंगा किनारे हो रहे कटानरोधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने गंगा तट पर लगाए जा रहे बोल्डर (पत्थर) एवं अन्य कटानरोधी निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्धता की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय से पूरे किए जाएं, ताकि बाढ़ के दौरान जन-धन और कृषि भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
मंडलायुक्त ने गंगा नदी की मध्य धारा में मशीनों के माध्यम से चल रहे गहराईकरण (ड्रेजिंग) कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बाढ़ एवं कटान की संभावित स्थिति को देखते हुए सभी सुरक्षा एवं बचाव संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जिससे गंगा तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके।

