मऊ। पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों की साइबर पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 26,999 रुपये बताई गई है।
मऊ पुलिस द्वारा संचालित अभियान के तहत CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण करते हुए थाना कोपागंज एवं थाना रानीपुर की साइबर पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
थाना कोपागंज पुलिस टीम ने दोस्तपुरा निवासी नन्दलाल का लगभग 13,000 रुपये मूल्य का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं थाना रानीपुर पुलिस टीम ने खुरहट निवासी सुजीत विश्वकर्मा पुत्र बेचन विश्वकर्मा का लगभग 13,999 रुपये मूल्य का ओप्पो ए3एक्स 5जी मोबाइल फोन खोज निकाला।
आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए। अपने गुमशुदा मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने मऊ पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की सराहना की।
मऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

