वाराणसी। जनपद वाराणसी में प्रकाशित वर्ष 2026 की मतदाता सूची का अवलोकन करने पर भारी स्तर पर त्रुटियां एवं अनियमितताएं सामने आने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच एवं सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक राजनीतिक दल को प्रति सप्ताह फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 की प्राप्त संख्या की जानकारी उपलब्ध कराई जानी थी, लेकिन यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। आरोप है कि मतदाता सूची में परिसीमन के विपरीत दूसरे वार्डों के मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं। उदाहरण के तौर पर कैंट विधानसभा क्षेत्र के मदनपुरा वार्ड (डी-31) के कुछ मतदाताओं के नाम शिवाला वार्ड में दर्ज कर दिए गए हैं।
इसके अलावा जिन मतदाताओं के नाम पहले से ही विधिवत मतदाता सूची में दर्ज थे, उन्हें भी अनावश्यक रूप से नोटिस जारी किए गए। वहीं अनेक ऐसे मतदाता, जिन्होंने एसआईआर अभियान के अंतर्गत सही दस्तावेजों के साथ अपना फॉर्म जमा किया था, उनके नाम ‘लॉजिकल एरर’ बताकर सूची से हटा दिए गए। दूसरी ओर, जिन लोगों ने एसआईआर फॉर्म नहीं भरा, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कर लिए गए।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज हैं जो वर्तमान पते पर निवास नहीं करते, जबकि कई मतदाताओं के नाम दो-दो स्थानों पर अंकित पाए गए हैं। साथ ही ड्राफ्ट मतदाता सूची में मतदाताओं के पुराने फोटो ही प्रदर्शित किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई।
ज्ञापन सौंपने वालों ने मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कर त्रुटियों को दूर करने तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
मतदाता सूची में भारी अनियमितताओं का आरोप, जिला अधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन
Related Posts
Add A Comment

