जखनिया (गाजीपुर), महंत रामाश्रय दास पोस्ट ग्रेजुएट महाविद्यालय, भुड़कुड़ा में गुरुवार को एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) भर्ती प्रक्रिया संपन्न हुई। सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस के रूप में पहचान रखने वाले एनसीसी के लिए गाजीपुर बटालियन द्वारा कैडेटों के चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें कुल 66 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
भर्ती प्रक्रिया गाजीपुर बटालियन के प्रशिक्षित अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुई। चयन के दौरान अभ्यर्थियों की दौड़, शारीरिक दक्षता परीक्षण तथा सामान्य ज्ञान परीक्षा आयोजित की गई। बटालियन द्वारा इन सभी चरणों के मूल्यांकन के आधार पर आगामी दिनों में मेरिट सूची जारी किए जाने की संभावना है।
भर्ती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भुड़कुड़ा थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही। पुलिसकर्मियों ने भीड़ नियंत्रण और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, अभ्यर्थियों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जखनियां की मेडिकल टीम भी तैनात रही, जिसने पूरे कार्यक्रम के दौरान आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई।
महाविद्यालय परिसर में भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

