मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। विकासखंड मोहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम सभा महुवी में गांव का प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। यह मार्ग ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य साधन होने के साथ ही गांव की बड़ी आबादी के आने-जाने का महत्वपूर्ण रास्ता है। बरसात के दिनों में मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि यहां एक ईंट तक नहीं बिछाई गई है और न ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था है। बारिश होते ही रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है, जिससे पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन से आवागमन भी जोखिम भरा हो जाता है। आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
गांव के पूर्व छात्र नेता धनंजय प्रधान ने बताया कि इस समस्या को लेकर शासन-प्रशासन के साथ ग्राम प्रधान को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या झेलने के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए महुवी के इस प्रमुख मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं पर भी रोक लग सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करनी पड़ेगी।

