संवाददाता जमानिया (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास विद्युत विभाग की लापरवाही से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर परिवहन (कैरियर) ट्रॉली को मुख्य मार्ग पर हफ्तों से खड़ा छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासी रमेश, मनोज और मोहन ने बताया कि कुछ दिन पहले यहां लगा ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद विद्युत विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे ट्रांसफार्मर के माध्यम से अस्थायी रूप से विद्युत आपूर्ति बहाल की थी। बाद में राधा कृष्ण मंदिर के पास नया स्थायी ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, लेकिन अस्थायी ट्रॉली को अब तक नहीं हटाया गया।
मुख्य सड़क पर खड़ी ट्रॉली के कारण वाहनों के आवागमन में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है। सड़क संकरी होने से आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, जबकि आसपास के दुकानदारों को भी ग्राहकों के आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही का उदाहरण है। उनका आरोप है कि यदि जल्द ट्रॉली नहीं हटाई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल ट्रॉली हटवाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
इस संबंध में अवर अभियंता संजीत कुमार का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर बंद मिला, जिससे उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
विद्युत विभाग की लापरवाही से लोगों में नाराजगी, मुख्य मार्ग पर हफ्तों से खड़ी ट्रांसफार्मर ट्रॉली बनी मुसीबत
Related Posts
Add A Comment

