बलिया, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बलिया पुलिस द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि “एक सुरक्षित समाज के लिए सुरक्षित पर्यावरण का होना नितांत आवश्यक है। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने नैतिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी सदैव तत्पर है।”
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रकार के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर बलिया पुलिस ने चलाया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान
Related Posts
Add A Comment

