सोनभद्र। जनपद के दुद्धी क्षेत्र में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कथा के विशेष सत्र में सनातनी किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर एवं विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश किन्नर प्रकोष्ठ की नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री मां किरन नंदगिरी का आगमन हुआ। उनके पंडाल में प्रवेश करते ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि व जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। महामंडलेश्वर मां किरन नंदगिरी के आगमन की सूचना मिलते ही दुद्धी और आसपास के ग्रामीण व नगर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे। ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों ने मां किरन नंदगिरी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और अपने परिवार व जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान कथा पंडाल भक्तों की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर की गरिमामयी उपस्थिति के बीच श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर परम आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर मां किरन नंदगिरी ने सनातन धर्म की महत्ता और उसकी वैज्ञानिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा सनातन धर्म विश्व कल्याण और जीव मात्र के प्रति करुणा का मार्ग दिखाता है। आज के समय में अपनी संस्कृति और धर्म को मजबूत बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। समाज में एकता, प्रेम, सद्भावना और भाईचारा ही राष्ट्र की असली शक्ति है। विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश किन्नर प्रकोष्ठ में क्षेत्रीय महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर क्षेत्र के लोगों और विभिन्न संगठनों में भारी उत्साह देखा गया।
कथा स्थल पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने उन्हें माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने मां किरन नंदगिरी के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की खुलकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में संगठन को एक नई दिशा मिलेगी और सामाजिक समरसता के कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी। श्रीमद् भागवत कथा के दौरान पूरा वातावरण जय श्रीराम और हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान रहा। इस भव्य धार्मिक उत्सव के दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग, भारी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीमद् भागवत कथा में पहुंचीं महामंडलेश्वर मां किरन नंदगिरी, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
Related Posts
Add A Comment

