भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के महेशपुर प्रथम गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार महेशपुर प्रथम निवासी मकसूद उर्फ बाबर खान की पत्नी शब्बो परवीन (30) ने कथित रूप से अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मच्छटी पुलिस चौकी प्रभारी श्याम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद भांवरकोल थाना प्रभारी मोरध्वज दुबे भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतका की मां अकबरी बेगम, निवासी चिउटहां थाना दिलदारनगर, ने आरोप लगाया कि आठ वर्ष पूर्व उनकी पुत्री की शादी मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन भी उनकी पुत्री के साथ मारपीट की गई और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। तहरीर में पति मकसूद उर्फ बाबर खान, देवर टीपू, असगर और अयान, ननद रूही तथा सास कुरैशा को नामजद किया गया है।
मृतका अपने पीछे दो पुत्रों, पांच वर्षीय आदिल और तीन वर्षीय आतिफ को छोड़ गई है। मां और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर बताए गए।
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप
Related Posts
Add A Comment

