मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। सावन माह की शुरुआत के साथ ही मुहम्मदाबाद क्षेत्र का धार्मिक वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया है। बैजलपुर स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में देखने को मिल रही हैं।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान सोमेश्वर महादेव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। इस दौरान एक श्रद्धालु ने भगवान शिव का अरघा चीनी के शरबत से भरकर अपनी आस्था प्रकट की, जो श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना।
सावन के प्रत्येक सोमवार को होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीओ पंचायत अरुण कुमार के नेतृत्व में सफाई कर्मियों की टीम मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई में जुटी हुई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
मंदिर परिसर में रंगाई-पुताई का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। कतारबद्ध दर्शन के लिए विशेष मार्ग बनाए जा रहे हैं तथा धूप और बारिश से बचाव के लिए टेंट भी लगाए जा रहे हैं।
मंदिर प्रबंधन का कहना है कि सावन के सभी सोमवारों पर श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

