सैदपुर (गाजीपुर)। नगर में भारी एवं लंबी मालवाहक वाहनों के बेरोकटोक प्रवेश से प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पहले से ही रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है, लेकिन उसी समय नगर के मुख्य मार्गों पर बड़े वाहनों का प्रवेश स्थिति को और भी गंभीर बना देता है। इससे राहगीरों, व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद होने के दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। ऐसे समय में यदि ट्रक, डंपर और अन्य भारी मालवाहक वाहन नगर में प्रवेश कर जाते हैं तो पूरे बाजार क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है। कई बार एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
नगरवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं। नियमित यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग अथवा निश्चित समय तक नो-एंट्री जैसी व्यवस्था लागू नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में सुबह और शाम के व्यस्त समय के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए तथा निश्चित समय तक नो-एंट्री लागू की जाए। उनका कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आमजन को अनावश्यक परेशानी से निजात मिल सकेगी।

