अनपरा/सोनभद्र । साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के क्रम में सोनभद्र की अनपरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ₹3 करोड़ से अधिक की अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामले में पुलिस ने जांच के दौरान प्रकाश में आए 2 मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से महंगे स्मार्टफोन और नगदी बरामद की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनपरा पुलिस द्वारा विभिन्न संदिग्ध बैंक खातों का गहन तकनीकी विश्लेषण और फाइनेंशियल ट्रेल खंगाला जा रहा था। इस दौरान एक बैंक खाते में करोड़ों रुपये के संदेहास्पद लेनदेन का मामला सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनपरा थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 162/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 66डी सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत अभियोग पंजीकृत कर विस्तृत छानबीन शुरू की गई। जांच के दौरान चिल्काडांड निवासी दो व्यक्तियों के खातों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। बुधवार को अनपरा पुलिस को मुखबिर खास से सटीक सूचना मिली कि पंजीकृत मुकदमे से संबंधित प्रकाश में आए खाताधारक शक्तिनगर क्षेत्र में मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। विजय कुमार अग्रहरी (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र सुभाष चन्द अग्रहरी, निवासी चिल्काडांड, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र।
मुकेश कुमार गुप्ता (उम्र लगभग 30 वर्ष), पुत्र लालचन्द गुप्ता, निवासी चिल्काडांड, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों की तलाशी लेने पर उनके पास से निम्नलिखित सामग्रियां बरामद हुई हैं।
02 अदद स्मार्टफोन 01 iPhone एवं 01 iQOO 12 (जिनका उपयोग साइबर फ्रॉड व ट्रांजैक्शन हेतु किया जा रहा था) नगदी ₹2,500 रुपये नगद अनपरा पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक लिखापढ़ी पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इन खातों से जुड़े अन्य नेटवर्क और गिरोह के मुख्य सरगनाओं का पता लगाने के लिए आगे की विवेचना में जुटी हुई है।
सोनभद्र 3 करोड़ से अधिक के साइबर फ्रॉड मामले में अनपरा पुलिस को बड़ी सफलता 2 अभियुक्त गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

