सोनभद्र (29 जुलाई 2026)। जनपद सोनभद्र में किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा एवं सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोग से बचाव के उद्देश्य से चलाए गए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान में सोनभद्र पुलिस ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता की मिसाल पेश की है। अभियान के सफल क्रियान्वयन, जन-जागरूकता और उत्कृष्ट सहयोग के लिए महामहिम राज्यपाल महोदया द्वारा सोनभद्र पुलिस को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश स्तर पर चलाए गए इस विशेष स्वास्थ्य अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस वृहद अभियान को धरातल पर सफल बनाने में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन ने आपस में बेहतर समन्वय, व्यापक जनजागरूकता और सटीक कार्ययोजना के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी क्रम में सोनभद्र पुलिस ने विभागीय जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अग्रिम भूमिका निभाई। पुलिस लाइन चुर्क, सोनभद्र में विशेष एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया। इस शिविर में पुलिस परिवार की पात्र किशोरियों के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य बालिकाओं का भी उत्साहपूर्वक टीकाकरण कराया गया। सोनभद्र पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, सुगम संचालन, जागरूकता प्रसार तथा आवश्यक संसाधनों के प्रबंधन में स्वास्थ्य विभाग को हर संभव मदद प्रदान की गई। जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में दिए गए इस उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट कार्य के लिए महामहिम राज्यपाल महोदया द्वारा सोनभद्र पुलिस को सम्मानित किए जाने से पुलिस महकमे में हर्ष का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि सोनभद्र पुलिस की कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनकल्याण एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
सोनभद्र HPV टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट कार्य हेतु राज्यपाल महोदया ने सोनभद्र पुलिस को किया सम्मानित
Related Posts
Add A Comment

