उचित दर विक्रेता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को सौंपा धन्यवाद ज्ञापन
लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि से कोटेदारों को मिलेगा संबल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली होगी और मजबूत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति संघ ने व्यक्त की विशेष कृतज्ञता
सोनभद्र । अजीत प्रताप सिंह। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा राशन डीलरों के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए एक बड़ा और जनहितैषी निर्णय लिया गया है। सरकार ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) का लाभांश ₹90 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर सीधे ₹125 प्रति क्विंटल कर दिया है। प्रति क्विंटल ₹35 की इस ऐतिहासिक वृद्धि से सोनभद्र जिले के सैकड़ों उचित दर विक्रेताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। बुधवार को उचित दर विक्रेता संघ, सोनभद्र के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय जी को संबोधित धन्यवाद सह आभार पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए उचित दर विक्रेता संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कोटेदार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, असहाय और जरूरतमंद पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुँचाने में महत्वपूर्ण और निष्ठावान भूमिका निभाते हैं। संघ ने कहा कि लाभांश में प्रति क्विंटल ₹35 की वृद्धि होने से उचित दर विक्रेताओं को सीधा आर्थिक संबल मिलेगा, जिससे उनके परिवार का जीवन स्तर बेहतर होगा। सरकार का यह निर्णय उचित दर विक्रेताओं के अनवरत सेवा कार्य के प्रति शासन की संवेदनशीलता, सहानुभूति और सम्मान को प्रदर्शित करता है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने कोटेदारों की पुरानी और जायज मांग को गंभीरता से लेते हुए यह ऐतिहासिक सौगात दी है। इसके साथ ही खाद्य एवं रसद मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय जी का आभार जताते हुए प्रतिनिधियों ने कहा कि उन्होंने उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और हितों को सदैव प्राथमिकता दी है। लाभांश वृद्धि के इस निर्णय से राशन डीलरों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे जिले भर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उचित दर विक्रेता संघ के पदाधिकारी, तहसील स्तरीय प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कोटेदार उपस्थित रहे।

