ओबरा/सोनभद्र पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन एवं भारत स्वाभिमान सोनभद्र के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी के नेतृत्व में मंगलवार (04 अगस्त 2026) को ओबरा में प्रातः 6:30 बजे भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परम पूज्य श्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी महाराज के जन्मदिवस के पावन अवसर पर नया ओबरा नगर पंचायत स्थित विवाह मंडपम (सेक्टर 09) के प्रांगण में पतंजलि परिवार की ओर से औषधीय व फलदार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम के दौरान पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की योग शिक्षिका बहन मीनाक्षी मौर्य एवं ऋचा वर्मा ने विवाह मंडप परिसर में आंवला, अमरूद, मीठी नीम (कढ़ी पत्ता), पपीता, एलोवेरा, गिलोय, जामुन और केला सहित कई महत्वपूर्ण औषधीय व फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी ने ओबरा के युवा व कर्मठ सभासद प्रतिनिधि विकास सिंह को आंवला का पौधा भेंट कर सम्मानित किया। पौधरोपण के उपरांत अपने उद्बोधन में सभासद प्रतिनिधि विकास सिंह ने कहा पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की टीम ने विवाह मंडपम परिसर में औषधीय पौधे रोपकर प्रकृति और मां धरती का गौरव बढ़ाया है। आंवला और अमरूद जैसे फल स्वास्थ्य व पेट के पाचन तंत्र के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। मैं वार्ड संख्या 18 की समस्त जनता की ओर से पतंजलि परिवार का हार्दिक नमन व अभिनंदन करता हूं। सोनभद्र की सभी तहसीलों में पौधरोपण का पतंजलि का यह संकल्प अत्यंत सराहनीय और समर्पण से भरा कार्य है। योग प्रशिक्षिका मीनाक्षी मौर्य ने अपने संबोधन में बताया कि पतंजलि परिवार प्रतिवर्ष 04 अगस्त को पूज्य आचार्य बालकृष्ण जी का जन्मदिवस पूरे देश में जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाता है। इस दिन पूरे भारत में निःशुल्क पौध वितरण व पौधरोपण का महाअभियान चलाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने-अपने घरों के गमलों में केवल मां तुलसी का पौधा भी लगा लें, तो उससे वातावरण शुद्ध होता है, कई बीमारियों से बचाव होता है और घर के वास्तु दोष भी दूर होते हैं। योग प्रशिक्षिका ऋचा वर्मा ने कहा कि एक पौधा लगाने से न केवल हमारा बल्कि पूरी आने वाली पीढ़ी का संरक्षण होता है। वृक्ष बड़े होकर फल देते हैं, पर्यावरण का संतुलन बनाते हैं, पक्षियों को आश्रय प्रदान करते हैं और हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं। जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी ने ओबरा नगर पंचायत के कर्मचारी भाइयों, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चांदनी देवी, सचिव तथा सभासद प्रतिनिधि विकास सिंह का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा पौधों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पेड़ लगाने से समय पर वर्षा होती है, बादल प्रसन्न होते हैं, फल-फूल, लकड़ी और ऑक्सीजन प्राप्त होती है। पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ के इस संदेश को हर नागरिक को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
सोनभद्र ओबरा में आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पर पतंजलि परिवार ने किया औषधीय पौधरोपण
Related Posts
Add A Comment

