ओबरा/सोनभद्र संवाददाता आशीष मिश्रा)।उत्तर प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ओबरा क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के गंभीर प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अनिल कुमार के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के कुशल पर्यवेक्षण में ओबरा थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गत 04 अगस्त 2026 की रात्रि थाना ओबरा क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो बनाए जाने के संबंध में परिजनों द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर थाना ओबरा पर तत्काल मु0अ0सं0 171/2026, धारा 70(2), 127(2) बीएनएस (BNS) एवं 3/4(2), 5G/6 पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत संगीन धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता को तत्काल चिकित्सीय सहायता व डॉक्टरी परीक्षण उपलब्ध कराते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। प्रभारी निरीक्षक थाना ओबरा सदानन्द राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि घटना में शामिल आरोपी भागने की फिराक में सेक्टर-09 चौराहे के पास छिपे हुए हैं।
सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मुख्य अभियुक्त राहुल यादव (पुत्र नागेश्वर उर्फ पच्चू यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम खैरटिया, थाना ओबरा) को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही घटना में शामिल एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित वस्तुएं बरामद की गईं 01 अदद OnePlus Nord 2 (5G) मोबाइल फोन, 01 अदद OPPO A3Y मोबाइल फोन, ₹2,200/- नगद, 01 अदद गेट पास त्वरित कार्रवाई कर अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय, उप-निरीक्षक जयशंकर सिंह, कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय, कांस्टेबल धर्मेन्द्र राजभर, कांस्टेबल राहुल श्रीवास एवं कांस्टेबल अवनीश कुमार पाण्डेय (थाना ओबरा, सोनभद्र) शामिल रहे। ओबरा पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वाले अपराधियों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
सोनभद्र ओबरा में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म मामले में मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में
Related Posts
Add A Comment

