सोनभद्र (18 जुलाई 2026)। शासन की मन्शा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद सोनभद्र की चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। घोरावल तहसील में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद अनिवार्य रूप से शिकायतकर्ताओं से उनका फीडबैक लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि पीड़ितों को दोबारा परेशान न होना पड़े।
चारों तहसीलों की प्रगति रिपोर्ट (एक नजर में)
शनिवार को जिले की चारों तहसीलों (घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी) में कुल मिलाकर 344 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 19 मामलों का मौके पर ही और टीमों को स्थलीय जांच के लिए भेजकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया। रॉबर्ट्सगंज तहसील में उप जिलाधिकारी आशीष त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस संपन्न हुआ। प्राप्त 61 शिकायतों में से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम ने मातहतों को हिदायत दी कि अवशेष 54 मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घोरावल तहसील में आए 158 मामलों में से अधिकांश मामले भूमि विवाद और राजस्व से संबंधित थे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राजस्व और पुलिस विभाग की 06 संयुक्त टीमों को मौके पर रवाना किया, जिन्होंने स्थलीय निरीक्षण कर 6 जटिल प्रकरणों को मौके पर ही सुलझा दिया। शेष 146 मामलों को समयसीमा के भीतर हल करने के लिए संबंधित पटल को सौंप दिया गया। इस अवसर पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार घोरावल सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। ओबरा तहसील में तहसीलदार व नायब तहसीलदार की उपस्थिति में जनता की शिकायतें सुनी गईं, जहां 60 प्रार्थना पत्रों में से 3 का निस्तारण कर शेष 57 को त्वरित कार्यवाही हेतु अग्रेषित किया गया। दुद्धी तहसील में एसडीएम रवि पासवान, स्थानीय तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी (CO) दुद्धी व पिपरी की मौजूदगी में 65 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने 3 मामलों का मौके पर निस्तारण करते हुए बाकी 62 आवेदनों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि समाधान दिवस में आए शेष 325 प्रार्थना-पत्रों की जांच रिपोर्ट निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर अपलोड की जाए।
सोनभद्र चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस संपन्न जिलाधिकारी ने कहा— शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध हो
Related Posts
Add A Comment

