रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र ।
जनपद सोनभद्र में नशीली और नकली दवाओं के अवैध कारोबार व बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार (07 अगस्त 2026) को जिलाधिकारी सोनभद्र एवं सहायक आयुक्त (औषधि) मिर्जापुर के संयुक्त निर्देश पर औषधि निरीक्षक द्वारा पटवध, चोपन एवं रॉबर्ट्सगंज स्थित थोक व फुटकर दवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। औषधि विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के दवा व्यवसायियों में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। कई मेडिकल स्टोर संचालक जांच से बचने के लिए अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से फरार हो गए। औषधि निरीक्षक सोनभद्र द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चोपन स्थित राहुल मेडिकल स्टोर, आर.के. मेडिकल एजेंसी तथा न्यू कृष्णा मेडिकल एजेंसी के संचालक मौके पर उपस्थित मिले। इन तीनों फर्मों की संचालकों की मौजूदगी में गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान पाई गई गंभीर कमियों को निरीक्षण रिपोर्ट (आख्या) में दर्ज करते हुए अग्रिम कार्रवाई हेतु सहायक आयुक्त (औषधि) मिर्जापुर मंडल को भेजा जा रहा है।निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता के दृष्टिकोण से संदिग्ध प्रतीत हो रही कुल 06 औषधियों के नमूने (सैंपल) राजकीय प्रयोगशाला में जांच एवं परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए। लैब रिपोर्ट आने के उपरांत औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा निरीक्षण आख्या में दर्ज कराई गई दवाओं के क्रय-विक्रय बिल प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके अलावा दुकानों में कालातीत (एक्सपायर्ड) दवाइयां भी रखी पाई गईं। इस गंभीर लापरवाही पर संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया जा रहा है। औषधि निरीक्षक ने चोपन व आसपास के सभी थोक एवं फुटकर दवा विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि कफ सिरप, नशीली दवाएं एवं नींद की गोलियां बिना किसी पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे के कदापि न बेची जाएं। अधिकारियों ने चेताया कि यदि किसी भी मेडिकल स्टोर द्वारा नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा नियमावली 1945 की सुसंगत व कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दुकान का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
सोनभद्र चोपन और रॉबर्ट्सगंज की दवा दुकानों पर औषधि विभाग की छापेमारी नशीली व संदिग्ध दवाओं के 6 सैंपल सीज
Related Posts
Add A Comment

