सोनभद्र ब्यूरो । जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित पैक्स (PACS) कम्प्यूटरीकरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति (DLIMC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जनपद में प्रथम चरण के अंतर्गत चयनित 22 प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (PACS) में कम्प्यूटरीकरण कार्य की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही द्वितीय चरण में चयनित 23 पैक्स समितियों में डिजिटल एवं कम्प्यूटरीकरण कार्य को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने प्रथम एवं द्वितीय चरण की समितियों को पूरी तरह ई-पैक्स (e-PACS) स्तर पर लाने, हस्तांतरण प्रमाण-पत्र जारी करने, कार्मिकों को हैंड होल्डिंग एवं तकनीकी सपोर्ट की प्रगति तथा आवश्यक कम्प्यूटर उपकरणों व अवसंरचना की उपलब्धता की बिन्दुवार समीक्षा की और सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में नवगठित पैक्स समितियों को भी कम्प्यूटरीकरण योजना में शामिल किए जाने, शासन से प्राप्त वित्तीय सहायता राशि के शत-प्रतिशत व पारदर्शी उपयोग तथा योजना के सुचारु संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा पैक्स समितियों के कम्प्यूटरीकरण से सहकारिता क्षेत्र की पूरी कार्यप्रणाली अत्यंत पारदर्शी, डिजिटल और किसान हितैषी बनेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को पारदर्शी व त्वरित सेवाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी डिजिटल प्रक्रियाओं को पूरा करने की हिदायत दी। उक्त बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारी, जिला सहकारी बैंक के प्रतिनिधि, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के अधिकारी एवं योजना से जुड़े अन्य विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सोनभद्र पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनेंगी सहकारिता समितियां जिलाधिकारी
Related Posts
Add A Comment

