29 सॉफ्टवेयर और 11 हार्डवेयर टीमों ने प्रस्तुत किए नवीन प्रोजेक्ट चयन के बाद ग्रैंड फिनाले के लिए भेजे जाएंगे विचार
अदाणी पावर के मुख्य व्यवसाय अधिकारी स्मूर्ति आर. नायक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
निदेशक के. एस. वर्मा ने दी बधाई, बोले नवाचार व समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने में हैकाथॉन की महत्वपूर्ण भूमिका
सोनभद्र। जिला संवाददाता रीना राय ।चुर्क स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (REC) सोनभद्र में 11 एवं 12 सितंबर 2026 को दो दिवसीय स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। संस्थान की IEEE स्टूडेंट ब्रांच द्वारा आयोजित इस तकनीकी समागम में कॉलेज के होनहार विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। इस हैकाथॉन में कुल 40 टीमों (29 सॉफ्टवेयर तथा 11 हार्डवेयर आधारित) के लगभग 180 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विभिन्न वास्तविक तकनीकी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए।कार्यक्रम के प्रथम दिन प्रतिभागी टीमों को विषय विशेषज्ञों एवं अतिथियों द्वारा अमूल्य सुझाव और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट्स में सुधार करने का अवसर मिला। दूसरे दिन सभी टीमों के प्रोजेक्ट्स का कठोर मानकों पर मूल्यांकन किया गया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रशांत पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रोजेक्ट्स को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले के लिए अग्रसारित किया जाएगा। हैकाथॉन के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अदाणी पावर के मुख्य व्यवसाय अधिकारी स्मूर्ति आर. नायक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नवाचार अत्यंत आवश्यक है, लेकिन किसी भी नवाचार को आकार देते समय छात्र-छात्राओं को अपने मूल विषयों का गहन व विस्तृत ज्ञान होना अनिवार्य है। संस्थान के निदेशक प्रो. के. एस. वर्मा ने हैकाथॉन के सफल आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, समन्वयकों एवं आयोजन टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में टीमवर्क, समस्या-समाधान की क्षमता और शोधपरक सोच को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होते हैं। कार्यक्रम में एक्सपोसिस डेटा लैब्स के संस्थापक व सीईओ वाई. विष्णुवर्धन, प्रतिनिधि डॉ. अरविंदा कुमार तथा के. देवास नेसन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अमोद कुमार तिवारी, डॉ. हिमांशु कटियार, डॉ. देवेंद्र कुमार त्रिपाठी, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. हरीश चंद्र उपाध्याय, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, डॉ. पी. के. वर्मा, डॉ. मैनेजर यादव, राम ईश्वर वैस, सिकंदर तथा आशीष श्रीवास्तव सहित समस्त फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

