डाला/सोनभद्र । सावन माह के प्रथम सोमवार (3 अगस्त 2026) के पावन अवसर पर समूचा क्षेत्र हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस भक्तिमय माहौल में हर-हर महादेव सेवा समिति सलाई बनवा स्थित सिद्ध पीठ शिव-पार्वती अमर गुफा के तत्वावधान में सैकड़ों की संख्या में शिव भक्तों एवं कांवड़ियों ने भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। कांवड़ यात्रा सलाई बनवास अमर गुफा से प्रारंभ होकर अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ गोठानी स्थित अति प्राचीन सोमनाथ मंदिर पहुँची। वहाँ सभी कांवड़ियों और शिव भक्तों ने पवित्र नदी/कुंड से जल उठाकर भगवान सोमनाथ पर अर्पित किया तथा जलाभिषेक का संकल्प लिया। तत्पश्चात, सोमनाथ मंदिर से जल लेकर कांवड़ियों का जत्था शनेश्वर महादेव मंदिर होते हुए डाला स्थित सिद्ध पीठ शिव-पार्वती अमर गुफा (दुवरा घाटी, डमडम गुफा) पहुँचा। वहाँ पहुँचकर भक्तों ने पूरे विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। कांवड़ यात्रा के दौरान ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न समाजसेवियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा शिव भक्तों की सेवा हेतु जलपान के विशेष इंतजाम किए गए । चोपन रोड पर विजय कुमार उर्फ गुड्डू भाई (डिश वाले) और वार्ड नंबर 1 के सभासद प्रतिनिधि गिरजा शंकर ने मिलकर कांवड़ियों को रूहअफजा का ठंडा शरबत पिलाकर स्वागत किया। हीरो होंडा एजेंसी द्वारा शिव भक्तों के लिए विशेष रूप से पौष्टिक दूध के शरबत की व्यवस्था की गई। गजराज नगर वोर्टेक्स डीजे (गजराज नगर) के पास कांवड़ियों को दूध व दही का ठंडा शरबत पिलाया गया। वार्ड नंबर 3 के सभासद अनिल कुमार उर्फ नीलू भाई ने शिव भक्तों को शुद्ध पानी की मिनरल वाटर बोतलें वितरित बघा नाला पर उन्हें राहत पहुँचाई। इस पावन अवसर पर हर-हर महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष भानु प्रताप ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु एवं शिव भक्त कई वर्षों से लगातार इस यात्रा में सम्मिलित होकर जलाभिषेक करते आ रहे हैं। सावन माह के प्रत्येक सोमवार को यहाँ अमर गुफा व आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं। मंदिर के समिति अध्यक्ष भानु प्रताप ने घोषणा करते हुए कहा आगामी 24 अगस्त 2026 को समिति की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। हम क्षेत्र के समस्त शिव भक्तों एवं श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर महाप्रसाद ग्रहण करें और पुण्य के भागी बनें। यात्रा के दौरान बोल-बम के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक गीतों से पूरा मार्ग शिवमय बना रहा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सोनभद्र सावन के पहले सोमवार पर गूंजा हर-हर महादेव हर-हर महादेव सेवा समिति ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा
Related Posts
Add A Comment

