जखनिया (गाजीपुर)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सामाजिक संगठन मातृभूमि जखनिया ने रविवार को जखनिया बाजार में पौधारोपण अभियान चलाया। संगठन के संरक्षक नीरज सिंह ‘अजेय’ की मौजूदगी में सदस्यों ने बाजार के प्रमुख मार्गों पर पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान के तहत पौधों की सुरक्षा के लिए “मातृभूमि जखनिया” अंकित लोहे की सुरक्षा जालियां भी लगाई गईं, ताकि पौधों का समुचित विकास हो सके और उन्हें किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
इस अवसर पर नीरज सिंह ‘अजेय’ ने कहा कि मातृभूमि जखनिया संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग तथा गरीब कन्याओं के विवाह सहायता जैसे विभिन्न जनहित के कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा पिछले कई वर्षों से जखनिया बाजार में जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क रसोई का संचालन भी किया जा रहा है। इसी सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना समय की आवश्यकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में मुकेश मौर्य, गंभीर यादव, सत्यम चौबे, विजय गुप्ता, विवेक वर्मा, डॉ. दीपक सिंह, गुड्डू चौहान, पवन प्रजापति, अलाऊ शाहिद सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।
हरियाली बढ़ाने की मुहिम में जुटा मातृभूमि जखनिया, बाजार में लगाए पौधे
Related Posts
Add A Comment

